
दमोह। पति की जान को खतरा बताकर एक महिला ने दूसरी महिला का मंगलसूत्र पार कर दिया। इस अनोखी ठगी की वारदात के बाद अब पीड़ित परिजन माथा पीट रहे हैं।
कहते हैं सावधानी हटी दुर्घटना घटी। जरा सी असावधानी के कारण कभी-कभी लोगों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ता है। ऐसा ही एक मामला नगर के गाड़ीखाना इलाके में सामने आया है। जहां पर एक ठग महिला ने माता के भंडारे के नाम पर एक महिला को ठग लिया। महिला ने पीड़िता का मंगलसूत्र पार कर दिया। मामले की शिकायत कोतवाली में दर्ज कराई गई है। दरअसल आए दिन ठगी की वारदात होने के बाद भी लोग सीख नहीं लेते हैं। परिणाम स्वरूप खुद भी ठगे जाते हैं। गाड़ी खाना निवासी रामअवतार बाल्मीक की पत्नी नम्रता बाल्मीक ने बताया कि एक महिला सफेद साड़ी और कत्था रंग की स्वेटर पहने उसके घर आई थी। उसके हाथ में सफेद रंग का एक पर्स भी था। ठग महिला 7 सुहागनों से माता का भंडारा के नाम पर ढाई ढाई रुपए चंदा मांग रही थी। जब मैंने उससे कहा कि मेरे पास रुपए नहीं है केवल ₹10 हैं ले जाओ। तो उसने रुपए नहीं लिए तथा पीछे पीछे आकर कमरे में बैठ गई और कहने लगी कि तुम्हारे पति को 3 दिन में जान का खतरा है उनके साथ कोई हानि हो सकती है। इतना सुनते ही पीड़ित महिला डर गई तथा उससे उपाय पूछा तब ठग महिला ने उससे मंगलसूत्र की पूजा करने का झांसा दिया तथा एक लाल चुनरी, आटा, गिलास में पानी तथा एक थाली मंगवाई। पूजा के बहाने उसने आटा गूंदा और मंगलसूत्र पार कर दिया। साथ ही आटे की लोई बनाकर पीड़ित महिला को देते हुए कहा कि 7:00 बजे के पहले मत देखना, नहीं तो अनिष्ट हो जाएगा। इतना कह कर वह चली गई। रात में पीड़िता की सास कस्तूरीबाई घर पहुंची तब उसने जैसे ही आटे की लोई खोली तो उनके होश उड़ गए। अपने को ठगा पाकर मामले की शिकायत कोतवाली में दर्ज कराने कोतवाली पहुंचे।
45 हज़ार है कीमत
पीड़िता की सास कस्तूरीबाई ने बताया कि मंगलसूत्र का वजन करीब आधा तोला था। जिसमें करीब 40 सोने की गुरिया भी लगे हुए थे। जो कि एक महिला उसकी बहू को ठगकर मंगलसूत्र ले गई है। बाजार में मंगल सूत्र का मूल्य करीब 45 हजार रुपए है। वहीं इस मामले में सब इंस्पेक्टर आलोक त्रिपाठी का कहना है कि महिला ने उसके साथ ठगी किए जाने का एक आवेदन थाने में दिया है। जिसकी जांच की जा रही है।

More Stories
तीन माह के दुधमुहे बच्चे के साथ कुएं में तैरता मिला मां का शव
2 साल की बच्ची और गर्भवती पत्नी के साथ फांसी पर झूला युवक
पुलिस कार्रवाई न होने पर फूटा ब्राह्मण एवं हिंदू संगठनों का गुस्सा