मार्च 17, 2026

मन्नत में बेटा पैदा हुआ तो माता को उंगली काट कर चढ़ा दी

दमोह। पटेरा थाना क्षेत्र में एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है। मन्नत पूरी होने पर एक युवक ने कुल्हाड़ी से काटकर देवी मां को उंगली अर्पण कर दी।
लोग भले ही 21वीं सदी में होने और विज्ञान के चांद और मंगल पर पहुंचने की कितनी ही बातें कर लें, लेकिन अभी भी धर्म के नाम पर लोग अंधविश्वास में जी रहे हैं। जी हां जिले के पटेरा थाना क्षेत्र के ग्राम पड़री सहजपुर में एक ऐसा ही मामला सामने आया है। जहां पर 35 वर्षीय युवक महेंद्र अहिरवार ने मन्नत पूरी होने पर अपनी इस्ट मां दुर्गा के समीप कुल्हाड़ी से उंगली काट कर उन्हें भेंट कर दी। घायल युवक महेंद्र ने बताया कि उसके भाई के यहां संतान नहीं हो रही थी। काफी जगह उपचार कराया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। तब उसने गांव के ही देवी मां के मंदिर में मन्नत मांगी और मन्नत पूरी होने पर जब संतान होकर बड़ी भी हो गई तब उसने मनौती स्वरूप अपनी एक हाथ की उंगली कुल्हाड़ी से काटकर देवी मां को भेंट कर दी। घटना के बाद युवक खून से लथपथ अवस्था में वहीं पर काफी देर तक पड़ा रहा। सुबह सुबह जब गांव की महिलाएं जल चढ़ाने के लिए मंदिर पहुंची तो पूरे में रक्त देखकर वह डर गई और उन्होंने इसकी सूचना अन्य ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने तत्काल ही पुलिस को फोन लगाया पटेरा थाना प्रभारी भल्ला प्रसाद दुबे तुरंत ही मौके पर पहुंचे और युवक को ले जाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। घटना के बाद युवक ने यह भी कहा कि यह कटी हुई उंगली दुनिया में कहीं भी ठीक नहीं हो सकती केवल उसी मंदिर में जुड़ेगी जहां यह काटी गई है। पटेरा पुलिस का कहना है कि युवक का उपचार जारी है तथा उससे पूछताछ की जा रही है।
Message Us on WhatsApp