June 2, 2026

29 लाख की स्मैक के साथ दो लोग चढ़े पुलिस के हत्थे

दमोह. देहात थाना पुलिस ने दो आरोपियों की कब्जे से करीब 29 लाख रुपए की स्मैक जप्त की है. यह आरोपी यह आरोपी दमोह को उड़ता दमोह बनाने की फ़िराक़ में ग्राहकों की तलाश कर रहे थे.
नवागत पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के आते ही एक बार फिर दमोह में अवैध तरीके से मादक पदार्थों की खरीद फरोख्त करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है. देहात थाना पुलिस ने इसी अभियान के तहत दो आरोपियों को सोमवार की रात सरदार वल्लभ भाई पटेल ओवर ब्रिज के पास से हिरासत में लिया है. इन आरोपियों के पास 119.95 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद किया गया है. जिसकी बाजार कीमत ₹25000 प्रति ग्राम के हिसाब से करीब 29 लाख रुपए आंकी गई है. पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरदार वल्लभभाई पटेल के पास दो लोग स्मैक की तस्करी की फिराक में घूम रहे हैं. पुलिस ने दो टीम बनाकर उनकी घेरा बंदी की और राजू उर्फ राजेंद्र मिश्रा पुत्र बृजलाल मिश्रा उम्र 51 साल सिविल वार्ड नंबर एक शोभा नगर निवासी तथा दूसरे आरोपी आशुतोष पुत्र चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव उम्र 32 साल 89 गोविंद विहार कॉलोनी थाना गोपालगंज को पकड़ लिया और उनके पास से स्मैक बरामद की गई. आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी यह स्मैक पाउडर कहां से लेकर आए थे, यहां पर किसको बेचने की फ़िराक़ में थे, पहले से कोई एजेंट है या किसी ग्राहक की तलाश कर रहे थे ? इन सब बातों का फिलहाल पता नहीं चला है. उनसे पूछताछ के बाद ही आगे की कहानी पता चल सकेगी. श्री कलादगि ने बताया कि मई के महीने में मादक पदार्थों के विरुद्ध सात बड़ी प्रभावी कार्यवाही की गई हैं. जिनमें 42 किलो 535 ग्राम गांजा भी पकड़ा गया है. विभिन्न थानों में उनके मामले दर्ज किए गए हैं. जिसमें तीन मामले सिर्फ पटेरा थाना क्षेत्र के हैं. जबकि एक-एक मामले गैसाबाद, पथरिया और नोहटा क्षेत्र के हैं. इन तीनों मामलों में 42 किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया और आरोपियों की विरुद्ध प्रकरण पंजीकृत किया गया. इस पूरी कार्रवाई में देहात थाना टीआई अमित गौतम, सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम सिंह दांगी अकरम खान, सूर्यकांत पांडे, संजय पाठक, सौरभ टंडन, राकेश अठ्या और सौरभ जैन ने अंजाम दिया है.

Message Us on WhatsApp