मार्च 17, 2026

पहले भोजन बनवाया फिर समाज के ही लोगों ने कर दिया तेरहवीं का बहिष्कार

दमोह. दमोह जिले में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है जिसमें एक दलित व्यक्ति 13 वीं का सारा भोजन लेकर पुलिस थाने पहुंच गया. इसके बाद पुलिस ने भोज का बहिष्कार करने वालों को भी थाने बुलाया.
दमोह जिले में अजब गजब मामले सामने आते रहते हैं. इस बार कुछ ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर लोग चौंक पड़ेंगे. दरअसल यह मामला जिले के जबेरा थाना अंतर्गत आने वाले सिंग्रामपुर पुलिस चौकी के ग्राम सुनबुराह का है. सुनबुराह गांव में दलित समाज के एक युवक के पिता की तेरहंवी कार्यक्रम में समाज के लोगों ने भोज खाने से मना कर दिया। जिससे आहत परिवार के लोग तेरहवीं भोज के लिए बना खाना एक बोलेरो में रखकर सिंग्रामपुर पुलिस चौकी लेकर पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। जमना प्रसाद चौधरी निवासी सुनबाराह ने बताया कि 26 मई को उसके पिता की तेरहवी थी। जिसमें समाज के कुछ लोगों ने भोज खाने से मना कर दिया. जबकि इन्ही लोगो ने कार्यक्रम के लिये सहयोग किया और अब खाना खाने से मना कर रहे हैं. मेरा खाना खराब हो गया और मुझे समाज से निष्कासित कर दिया है. इसके अलावा मारपीट की धमकी भी दी गयी है। जिसमें समाज के ही मुख्य रुप से तुलसीराम चौधरी, कुसाली चौधरी, हरचत चौधरी, धरमू चौधरी, प्रमोद चौधरी, द्वारका चौधरी, केशलाल चौधरी, राजकुमार चौधरी और समाज के अन्य परिवार शामिल हैं। पीड़ित ने पुलिस को बताया की यदि मेरे साथ कोई घटना होती है तो इन्हीं लोगों को दोषी माना जाए।
दोनों के बीच है सामाजिक विवाद
सिंग्रामपुर चौकी प्रभारी आलोक तिरपुड़े ने बताया कि जमुना प्रसाद चौधरी ने आवेदन देकर बताया है कि उसके पिता की तेरंहवी भोज का खाना खाने से उसी की समाज के लोगों ने इंकार किया है। इसके पीछे पुराना सामाजिक विवाद सामने आ रहा है। दोनों पक्षों को बुलाकर समझाईस दी जा रही है. चूंकि एक ही समाज के लोगों का मामला है. इसलिए दोनो पक्ष विवाद आपस में बैठकर सुलह करने को राजी हो रहे है। यदि दोनो पक्षों में बात बनती तो ठीक है नही तो आवेदन पर जो भी कार्रवाई कानूनन बनती है की जाएगी।

Message Us on WhatsApp