मार्च 17, 2026

दुधमुंही बच्ची को गोद में लेकर कुएं में कूदी मां, दोनों की मौत

दमोह। एक नवविवाहिता ने अपनी बच्ची के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी। घटना का कारण अज्ञात है। मामला पथरिया थाना क्षेत्र के जोरतला गांव का है।
जिले की पथरिया थाना क्षेत्र से एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। क्षेत्र के ग्राम जोरतला में आज शाम एक नवविवाहिता ने अपनी बच्ची के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी। घटना का कारण ज्ञात नहीं हो सका है। बताया जाता है कि जोरतला की रहने वाली 26 वर्षीय शबीना बी की शादी फुटेरा के रहने वाले नईम खान के साथ हुई थी। उन दोनों की एक दुधमुंही बच्ची भी है। जिसका नाम नाजो है। शमीना बी कुछ दिन पूर्व ही फुटेरा से अपने मायके जोरतला आई थी। आज दोपहर उसने घर में ही बने एक कुएं में अपनी बच्ची के साथ छलांग लगा दी और आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मौके पर पहुंचे मृतिका के बड़े भाई जाफर खान ने बताया कि वह घटना के वक्त वह इमलाई में था। उसे उसके छोटे भाई का फोन आया की शमीना ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली है। जिसके बाद वह तुरंत जोरतला आ गया। परिजनों ने बताया कि शबीना ने आत्महत्या क्यों की इसकी कोई जानकारी नहीं है। उसे किस बात की परेशानी थी उसने यह कभी नहीं बताया। कोई पारिवारिक कारण था या अन्य समस्या इस बात का भी उन्हें पता नहीं है। पथरिया थाना प्रभारी रजनी शुक्ला का कहना है की घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मृतिका एवं उसकी बच्ची का शव पानी से बाहर निकाल लिया गया है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

Message Us on WhatsApp