मार्च 17, 2026

विधायक रामबाई ने फिर दिखाई दबंगई, वाहन चेकिंग रुकवाकर पुलिस को फटकारा

दमोह। पथरिया विधायक रामबाई की दबंगई आम आदमी को सुकून देती है, लेकिन पुलिस के लिए यह सिरदर्द बन गई है। मामला वाहन चेकिंग रुकवाने का है।
पथरिया विधायक रामबाई की दबंगई आम आदमी के लिए भले ही राहत देती है लेकिन अधिकारियों और पुलिस के लिए सर दर्द बनती जा रही है। दरअसल पथरिया विधायक रामबाई परिहार कोई न कोई ऐसा काम कर ही देती हैं जिससे लोग तो खुश हो जाते हैं लेकिन अधिकारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ताजा मामला विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बेरखेड़ी का है। यहां पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान विधायक रामबाई सिंह परिहार वहां से गुजर रही थी जब उन्होंने देखा कि पुलिस जांच करके चालान काट रही है तो उन्होंने तुरंत ही वहां उपस्थित अधिकारियों को चेकिंग बंद करने के निर्देश दिए। आमजन से उन्होंने कहा वह बिना रुके यहां से निकल जाएं कोई जांच नहीं होगी। जब उन्होंने इस बात का हवाला दिया कि यह रूटीन है। तो उन्होंने पुलिस को खरी-खोटी सुना दी। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार सिंह को फोन लगाकर कहा कि कोई मिट्टी में जा रहा है, कोई मिट्टी से लौट रहा है। कोई दवाई लेकर खेत जा रहा है। कोई बीज लेकर आ रहा है। सारे के सारे स्थानीय और किसान लोग हैं। वह अपनी बोवनी के लिए खाद बीज की व्यवस्था करने इधर उधर जा रहे हैं। उन्हें क्यों परेशान किया जा रहा है। बारिश का मौसम है महिलाएं और बच्चे बहुत से लोगों के साथ हैं। यह तरीका ठीक नहीं है। इस तरह लोगों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए। आप तुरंत ही यह चेकिंग रुकवाएं। इसके बाद एडिशनल एसपी ने संबंधित अधिकारी को तुरंत जांच खत्म करने के निर्देश दिए। यह पहला मामला नहीं है, जब पुलिस की जांच के दौरान विधायक रामबाई ने हस्तक्षेप किया हो इसके पहले भी कई बार पुलिस को फटकार लगाकर चालान की राशि तक वापस करा चुकी है।

Message Us on WhatsApp