मार्च 17, 2026

गैसाबाद में व्यारमा नदी में निकला मगरमच्छ, घंटो बाद भी नहीं हुआ रेस्क्यू

दमोह। व्यारमा में नदी में एक विशालकाय मगरमच्छ मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। कई घंटों बाद भी मगरमच्छ का वन विभाग ने रेस्क्यू नहीं किया।
दमोह जिले में जब तब विशालकाय मगरमच्छ और अजगर निकलते रहते हैं। जिससे ग्रामीणों के लिए परेशानी खड़ी हो जाती है। ताजा मामला गैसाबाद क्षेत्र का है। यहां पर व्यारमा नदी के तट पर एक विशालकाय मगरमच्छ घंटों पड़ा रहा। पहले तो ग्रामीणों का ध्यान ही नहीं गया लेकिन जब वहां पर नहा रहे लोगों ने मगरमच्छ को देखा तो अफरा-तफरी मच गई। दरअसल मगरमच्छ कुछ इस तरह से पड़ा हुआ था कि उसमें कोई हलचल नहीं थी। ग्रामीणों ने दूर से कई बार मगरमच्छ पर पानी भी डाला लेकिन वह अपनी जगह से न तो हिला और न ही कोई प्रतिक्रिया दी। इस बात की सूचना लोगों ने तत्काल ही वन विभाग को दी लेकिन दोपहर तक वन विभाग की टीम मगरमच्छ का रेस्क्यू करने नहीं पहुंची। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि संभवत वह बीमार होगा इसलिए कोई हलचल नहीं कर रहा है और एक ही स्थान पर पड़ा हुआ है। या यह भी हो सकता है कि ठंड में मगरमच्छ धूप का आनंद लेने के लिए निकला हो। क्योंकि अक्सर मगरमच्छ धूप सेकने के लिए नदी तालाबों से बाहर निकल आते हैं। मगरमच्छ के कारण लोगों में दहशत है कि कहीं वह किसी को अपना शिकार बना ले।


अब तक 8 का रेस्क्यू
पिछले कुछ समय से लगातार मगरमच्छ निकलने के मामले सामने आ रहे हैं। ज्यादातर मामले हटा क्षेत्र से सामने आए हैं। जिले में अब तक जितने भी मगरमच्छ पकड़े गए हैं उन सभी का रेस्क्यू कर सिंगौरगढ़ के तालाब में उन्हें सुरक्षित छोड़ा गया है। वन विभाग के अनुसार अब तक करीब 8 मगरमच्छ तालाब में छोड़े जा चुके हैं।

Message Us on WhatsApp