मार्च 17, 2026

खंचारी में दूषित पानी से फैला डायरिया 2 की मौत, 3 दर्जन पीड़ित

दमोह। बांदकपुर के निकट स्थित गांव खारी में डायरिया फैलने से दो लोगों की मौत हो गई। जबकि 3 दर्जन से अधिक लोग डायरिया की चपेट में आ गए। घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।
बारिश के मौसम में हर साल डायरिया फैलने के मामले सामने आते हैं। जिसमें कई लोग काल कालवित हो जाते हैं। ताजा मामला बांदकपुर के निकटवर्ती ग्राम खंचारी का है। यहां आज सुबह अचानक 3 दर्जन से अधिक लोगों को उल्टी दस्त की शिकायत होने पर सारे गांव में अफरा तफरी मच गई। जिसमें 2 लोगों की गांव में ही मौत हो गई। बताया जाता है कि पर्वत पाल की करीब 40 वर्षीय पत्नी तथा 70 वर्षीय तिलक सिंह कि डायरिया के कारण मौत हो गई।
3 दर्जन पीड़ित
गांव में 3 दर्जन से अधिक लोगों को उल्टी दस्त की शिकायत होने पर जिसको जो साधन मिला वह आसपास के निकटवर्ती डॉक्टर के पास पहुंच गया। जबकि 7 लोगों सुरेंद्र सिंह 21 वर्ष, पवन 17 वर्ष, खुशबूबाई 10 वर्ष, मुन्नीबाई 35 वर्ष, कविता 40 वर्ष, सुनीता बाई 40 वर्ष तथा ज्योति बाई 26 वर्ष को गांव की सरपंच लोंगाबाई एक निजी जीप से लेकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंची तथा उन्हें भर्ती कराया। सभी मरीज अब खतरे से बाहर बताए जाते हैं।
बीमारी कैसे फैली पता नहीं
मरीजों के साथ आए गिरन सिंह ने बताया की 30-40 लोग बीमारी की चपेट में आ गए। बीमारी कैसे फैली इसकी कोई जानकारी नहीं है। कुछ लोग बांदकपुर कुछ लोग हरदुआ तो कुछ लोग अन्य गांव में डॉक्टर के पास इलाज कराने पहुंच गए। दो लोगों की गांव में ही मौत हो गई।
पूरे गांव में मात्र दो कुआं
भर्ती मरीजों ने बताया की खंचारी गांव में मात्र 2 कुआं है। एक कुआं का पानी लोग पीने के लिए इस्तेमाल करते हैं और दूसरे कुआं का पानी खर्च के लिए इस्तेमाल करते हैं। पूरे गांव में एक भी हैंडपंप नहीं है। जिससे लोगों को परेशानी होती है। पूरा गांव आदिवासी बहुल है जिसमें एक यादव तथा एकमात्र पाल परिवार है। मौके पर पहुंची मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर संगीता त्रिवेदी ने गांव में मौजूद बाकी लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया एवं जल स्रोतों का जायजा लिया। उन्होंने संभावना व्यक्त की है कि संभवत: कुआं का पानी दूषित हो गया है। जिसके पीने से सभी लोग बीमार हुए हैं।
Message Us on WhatsApp