मार्च 17, 2026

एसआई ने दिव्यांग मतदाता को मारी लाठी, गुस्साई भीड़ ने एसआई को खदेड़ा

दमोह। ग्राम पंचायत केवलारी में ड्यूटी पर तैनात एक एसआई ने दिव्यांग मतदाता के साथ मारपीट कर दी। जिसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस को घेर लिया किसी तरह अधिकारियों को कमरे में घुस कर अपनी जान बचाना पड़ी।
त्रिस्तरीय पंचायती राज निर्वाचन के दौरान आज दमोह एवं पथरिया ब्लॉक की जनपदों में वोटिंग हो रही है। निर्वाचन आयोग द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, लेकिन इन्हीं इंतजामों के बीच पथरिया जनपद पंचायत के केवलारी ग्राम मतदान केंद्र में ड्यूटी पर तैनात एक एसआई ने दिव्यांग मतदाता के साथ मारपीट कर दी। बताया जाता है कि इंद्र राज चौधरी एसआई मतदान करने आ रहे मतदाताओं को व्यवस्थित लाइन में लगा रहा था। उसी दौरान उसी लाइन के नीचे टपरिया क्षेत्र से आए एक मूक बधिर दिव्यांग मतदाता समोसे खा रहा था। एसआई इंद्रराज चौधरी ने उससे वहां से उठने के लिए कहा लेकिन वह मूक बधिर होने के कारण वह कोई बात नहीं सुन पाया। तब एसआई ने उसकी पीठ पर 4-5 लाठियां मार दी। तब गुस्साए लोगों ने एसआई को घेर लिया एवं उस पर टूट पड़े। एसआई को मतदान केंद्र में जाकर दरवाजा बंद करके अपनी जान बचाना पड़ी। बाद में घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारियों ने किसी तरह भीड़ को समझाया तथा मामला शांत किया। दिव्यांग मतदाता के साथ आई उसकी मां ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा उसके बेकसूर बेटे को पुलिस ने मारा है। जबकि वह न तो बोल सकता है और न कानों से सुन सकता है। मैं भी पुलिसकर्मी को मारना चाहती हूं तभी मामला शांत होगा।
Message Us on WhatsApp