July 16, 2026

मधुमक्खियों ने किया हमला तो पुलिस के रंग में पड़ गया भंग

जमीन पर लौटते पुलिस अधिकारी

दमोह। पुलिस प्रशासन द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह मधुमक्खियों को रास नहीं आया। उन्होंने हमला कर दिया जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। लोगों को भाग कर किसी तरह अपनी जान बचाना पड़ी।
पुलिस प्रशासन द्वारा प्रतिवर्ष होली मिलन समारोह आयोजित किया जाता है। जिसमें पुलिस के अलावा जिला प्रशासन के अधिकारी, पत्रकार तथा गणमान्य नागरिक मौजूद होते हैं। लेकिन आज रंग में भंग पड़ गया जब गुस्साई मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। दरअसल पुलिस अधीक्षक डीआर तेनीवार के बंगले पर होली मिलन समारोह चल रहा था। डीजे बज रहा था लोग होली गीतों की धुन पर पूरे शबाब में थे, और नाच गाकर एक दूसरे पर रंग गुलाल उड़ा रहे थे। शायद डीजे की तेज आवाज मधुमक्खियों को रास नहीं आई और उन्होंने एकाएक हमला कर दिया और लोग इधर-उधर भागने लगे। सीएसपी अभिषेक तिवारी को तो सड़क पर दौड़ कर मधुमक्खियों के हमले से बचना पड़ा। तो दूसरी ओर कोतवाली टीआई सत्येंद्र सिंह राजपूत जमीन पर लोट गए। इसी तरह एक एएसआई को बुरी तरह मधुमक्खियों ने रगड़ दिया। जिससे वह जमीन गिर पड़े। एक महाशय उल्टी कुर्सी सिर पर रखकर बचने की कोशिश कर रहे थे। तो दूसरे अधिकारी हाथों में पत्थर लेकर मधुमक्खियों को भगा रहे थे। यह नजारा किसी फनी फिल्म से कम नहीं था। लेकिन जिस पर बीती है वही जानता है कि मधुमक्खियों का हमला कितना खतरनाक होता है। और यह किस तरह जानलेवा साबित हो सकता है। बहरहाल घायल लोगों को जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया। जहां पर उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। इस मामले में पुलिस अधीक्षक का कहना है कि यह एक संयोग है। शायद डीजे की आवाज के कारण मधुमक्खियों ने हमला कर दिया।

Message Us on WhatsApp