मार्च 17, 2026

विधायक बोले, हमोरे तो सौ रुपैया में थैला भर लेत ते, अब तो सौ के टमाटर हो गए

दमोह। कांग्रेस विधायक सब्जी मंडी में जब खरीदारी करने निकले तो सब्जियों के दाम सुनकर उनके होश उड़ गए। उन्हें एहसास हुआ कि महंगाई किस कदर बढ़ चुकी है।
दमोह विधानसभा सीट से विधायक अजय टंडन जब सब्जी खरीदने के लिए सब्जी मंडी पहुंचे तो सब्जियों के दाम सुनकर उनके होश उड़ गए। उन्हें एहसास हुआ की सब्जी किस तरह महंगी है, और लोगों का इस महंगाई ने जीना मुहाल कर दिया है। सर्व संपन्न परिवार और अच्छी खासी प्रॉपर्टी के मालिक होते हुए भी विधायक को जब सब्जियों के दाम से पसीने छूटने लगे तो अंदाजा लगाइए की आम आदमी कैसे सब कुछ मैनेज करके अपना गुजर बसर करता होगा। दरअसल कांग्रेस विधायक सब्जी खरीदने के बहाने कुछ कांग्रेस नेताओं के साथ यह जानने निकले थे की वाकई में महंगाई का क्या आलम है। सबसे पहले वह एक दुकान पर पहुंचे। उन्होंने ठेठ बुंदेली अंदाज में सब्जी वालों से वार्तालाप किया। टमाटर का भाव पूंछा महिला ने बताया टमाटर 120 रुपए किलो है। इस पर श्री टंडन ने कहा इतनो महंगो कर दओ टमाटर। तब महिला बोली मंडी से ही महंगा मिल रहा है। इसके बाद उन्होंने कहा तुमई भर हो महंगो मिल रओ है? तब महिला ने जवाब दिया की सभी को महंगा मिल रहा है। उस पर भी कुछ टमाटर सड़े और खराब निकल जाते हैं। जिसके कारण उन्हें नुकसान उठाना पड़ता है। इसके बाद उन्होंने अदरक का भाव पूंछा। इस पर महिला ने बताया अदरक 50 रुपए का एक पाव है। इसी तरह उन्होंने आलू का भाव पूंछा तो महिला ने बताया की 16 रुपए की खरीद है और 20 रुपए किलो बेच रहे हैं। उसने कहा कि सब कुछ महंगा महंगा ही मिल रहा है। धनिया पत्ती भी महंगी है कुछ तो खराब निकल जाती है। इस पर विधायक टंडन चौंक पड़े और कहा कि हम किसी समय 100 रुपए में थैला भरकर सब्जी ले जाते थे और आज 120 का तो सिर्फ टमाटर ही मिल रहा है। विधायक के साथ बाजार आए पार्षद राजा रौतेला ने कहा कि 150 रूपए का थैला भर जाता था अब सिर्फ टमाटर आ रहे हैं। एक अन्य कांग्रेसी नेता विजय करमरकर ने कहा की विधायक कह रहे हैं अब तो गांव से ही सब्जी खरीदेंगे पटेलों से, यहां तो बहुत महंगा है। इसके बाद नीबू का भाव पूछा। तो महिला ने कहा 10 रुपए के दो हैं। तब विधायक ने अपने साथियों से कहा की चलो छांटो अब लेने तो पड़ हैं जोन रेट होएं।


कहां से करें दद्दा
सब्जी खरीदारी के दौरान कुछ हंसी मजाक भी हुआ। टमाटर लेते समय अजय टंडन बोले कुछ तो भाव कम करो, इस पर वृद्ध महिला बोली कहां से करें कम दद्दा, 100 रुपए किलो तो खरीद है। इसके बाद एक बार फिर विधायक ने कहा सौ रुपैया में हमोरे थैला भर लेत ते। इसके बाद उन्होंने केवल आधा किलो टमाटर ही खरीदें। सब्जी वाली महिला ने बताया कि बेंगलुरु से टमाटर आ रहा है। इसी तरह विधायक अपनी साथियों के साथ एक के बाद एक कई दुकानों पर गए कुछ न कुछ खरीदा भाव पूछा और अंत में यही कहा की इतनी महंगी सब्जी है। उसके बाद कुछ खराब निकल जाती है जिससे इन लोगों की मजदूरी भी वसूल नहीं होती है। इस तरह दुकान दर दुकान उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुन ली और महंगाई से भी वाकिफ हो गए।

Message Us on WhatsApp