
दमोह। हिंदू संगठनों एवं भाजपा के विरोध के बाद आखिरकार प्रदेश सरकार ने दमोह एसपी का तबादला कर दिया है। नए एसपी की पदस्थापना के आदेश जारी भी कर दिए हैं।
अपनी पदस्थापना के बाद लगातार भाजपा एवं हिंदू संगठनों के निशाने पर रहे दमोह एसपी डीआर तेनीवार का प्रदेश सरकार ने तबादला कर दिया है। जिले में कुछ समय से लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था के आरोपों के बाद सरकार पर लगातार यह दबाव बढ़ रहा था कि एसपी को हटाया जाए। सरकार की सबसे ज्यादा किरकिरी उस समय हुई जब पिछले महीने अचानक दमोह के दौरे पर आए राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष प्रियंका कानूनगो ने दमोह में चल रहे धर्मांतरण मामले में एसपी एवं कलेक्टर को फटकार लगाई थी। साथ ही ईसाई मिशनरी के प्रमुख लाल बंधुओं समेत 18 लोगों पर दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज कराए थे। इतना ही नहीं इसके बाद लगातार चार नोटिस जारी कर आयोग ने कलेक्टर एस कृष्ण चैतन्य एवं एसपी की भूमिका पर सवाल उठाते हुए प्रदेश सरकार से भी उनके तबादले की मांग की थी। धर्मांतरण का मामला सामने आने के बाद लगातार हिंदू संगठन एवं भाजपाई कलेक्टर एवं एसपी के तबादले की मांग कर रहे थे।
सीएम के सामने हुई थी नारेबाजी
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान स्वयं खुद भी उस समय असहज हो गए थे जब उनके सामने ही कलेक्टर एवं एसपी को हटाने के लिए भाजपा एवं हिंदू संगठनों ने हेलीपैड पर ही नारेबाजी कर थी। मालूम हो कि 11 दिसंबर को पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित अमृत महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान, राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा सहित बड़ी संख्या में नेता आए थे, लेकिन उनके स्वागत की बजाय भाजपाइयों ने कलेक्टर एवं एसपी को हटाने के लिए नारेबाजी कर दी। इस नारेबाजी पर सीएम ने नाराजगी भी जताई थी तथा कलेक्टर एवं एसपी दोनों से ही जवाब तलब किया था।
दमोह बंद में हुआ था विरोध
वहीं पिछले सप्ताह ही बिलवारी मोहल्ला में स्थित प्राचीन शिव मंदिर का शिवलिंग तोड़े जाने के विरोध में हिंदू संगठनों ने 23 तारीख को दमोह बंद का आवाहन किया था। बंद के दौरान भी प्रदर्शनकारियों ने दमोह कलेक्टर एवं एसपी को हटाने की नारे लगाए थे। साथ ही मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा था। उसमें भी कलेक्टर एवं एसपी को हटाने की मांग की गई थी। इसके बाद प्रदेश सरकार ने आज एक आदेश जारी कर एसपी डीआर तेनीवार का तबादला कर दिया है। उनके स्थान पर 2010 बैच के अधिकारी राकेश कुमार सिंह को दमोह एसपी बनाया है।

More Stories
2 साल की बच्ची और गर्भवती पत्नी के साथ फांसी पर झूला युवक
पुलिस कार्रवाई न होने पर फूटा ब्राह्मण एवं हिंदू संगठनों का गुस्सा
साला एक भी नहीं बताता बम कहां फूटने वाला है: पूर्व विधायक …..देखें वीडियो